The Duniyadari: Bilaspur- जिले के कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। खेत में काम करने के दौरान करंट लगने से एक महिला और उसके दो बेटों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, दसन बाई अपने दोनों बेटों विवेक सिंगरौल (23) और सत्यव्रत सिंगरौल (14) के साथ खेत की मेड़ पर जानवरों को रोकने के लिए तार और रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं। इसी दौरान किसी तरह विद्युत प्रवाहित होने से तीनों करंट की चपेट में आ गए। तेज करंट के कारण उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला और तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे का पता उस समय चला जब मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो वाहन चालक हैं, शाम को काम से घर लौटे। पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिलने पर उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। खेत पहुंचने पर वहां का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खेत में पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े थे। उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। देर शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खेत में करंट कैसे फैला। प्रारंभिक जांच के आधार पर हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।















