Thursday, March 12, 2026
Home कोरबा खौलती दाल बनी काल: आंगन में खेल रही 2 साल की मासूम...

खौलती दाल बनी काल: आंगन में खेल रही 2 साल की मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

28

The Duniyadari: कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां घर के आंगन में खेल रही दो साल की बच्ची की खौलती दाल से झुलसकर मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी शिव मंदिर गली निवासी शंकर सारथी अपनी पत्नी आरती सारथी और दो बच्चों के साथ रहते हैं। शंकर बढ़ई का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। गुरुवार को घर में सामान्य दिन की तरह कामकाज चल रहा था। आरती आंगन में सिगड़ी पर दाल पका रही थी और कुछ देर के लिए कमरे के अंदर चली गई।

इसी बीच उनकी दो वर्षीय बेटी आराधना खेलते-खेलते सिगड़ी के पास पहुंच गई। मासूम ने अनजाने में दाल के बर्तन को टक्कर मार दी, जिससे खौलती दाल सीधे उसके शरीर पर गिर गई। तेज चीख सुनकर परिजन दौड़े और बच्ची को तत्काल निहारिका स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया।

हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे Government Medical College Korba रेफर कर दिया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।

इस दर्दनाक घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। पड़ोसियों के अनुसार, बच्ची बेहद चंचल और सबकी लाडली थी। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे मोहल्ले को स्तब्ध कर दिया है।