The Duniyadari: दुर्ग- भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब सिलेंडर लेने पहुंचे एक ग्राहक और बाउंसर के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ा और बाउंसरों ने ग्राहक के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर बड़ी संख्या में लोग लाइन में खड़े थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एजेंसी संचालकों ने बाउंसर तैनात किए थे। इसी दौरान लाइन में खड़े एक युवक और बाउंसर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर बाउंसर ने युवक के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि इस दौरान लाइन में लगे अन्य ग्राहकों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से नाराज लोगों ने इसका विरोध भी किया और बाउंसरों के व्यवहार पर सवाल उठाए।
मामले की सूचना मिलने पर खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई। हालांकि गैस एजेंसी प्रबंधन ने इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और मीडिया से दूरी बनाए रखी।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।















