The Duniyadari: नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के संगम विहार इलाके में क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अवैध एलपीजी गैस स्टोरेज और रिफिलिंग के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया और मौके से 183 गैस सिलेंडर बरामद किए। इस गिरोह पर गैस की कृत्रिम कमी पैदा कर ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचने का आरोप है।
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि इलाके में कुछ लोग गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं। इसके बाद एसीपी सतेन्द्र मोहन के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में इंस्पेक्टर महीपाल सिंह, एसआई गौरव, अंकित, एएसआई तरुण, सत्यवीर, राकेश समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। कई दिनों तक निगरानी करने के बाद पुलिस ने संगम विहार के एल ब्लॉक स्थित तीन किराए के गोदामों पर एक साथ छापा मारा।
छापेमारी के दौरान शेर सिंह (35), सूरज परिहार (36), रघुराज सिंह (53) और जितेंद्र शर्मा (39) को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वहां से 154 भरे हुए और 29 खाली सिलेंडरों सहित कुल 183 गैस सिलेंडर बरामद किए। इसके अलावा गैस ट्रांसफर करने में इस्तेमाल होने वाले पाइप, आयरन पोकर और इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन भी जब्त की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी एक अधिकृत गैस एजेंसी से जुड़े थे और सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। लेकिन डिलीवरी करने के बजाय वे सिलेंडरों को गोदामों में जमा कर लेते थे। बाद में भरे हुए सिलेंडरों से गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरते और उन्हें बाजार में अधिक कीमत पर बेचते थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी एक सिलेंडर से 1 से 2 किलो गैस निकालकर कई छोटे सिलेंडर तैयार करते थे, जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता था। तीनों ठिकानों से क्रमशः 65, 66 और 52 सिलेंडर बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।















