Friday, April 24, 2026
Home Breaking जेल वार्ड में लापरवाही उजागर: दो प्रहरी निलंबित, रसूखदार बंदी को मिली...

जेल वार्ड में लापरवाही उजागर: दो प्रहरी निलंबित, रसूखदार बंदी को मिली थी विशेष सुविधा

32

The Duniyadari: अंबिकापुर- केंद्रीय जेल प्रशासन ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जेल प्रहरियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। केंद्रीय जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने जेल प्रहरी जयप्रकाश कुजुर और लोकनाथ निषाद को सस्पेंड करते हुए मामले की विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं। दोनों की ड्यूटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थित जेल वार्ड में लगाई गई थी।

मामले की जानकारी मिलने के बाद जेल अधीक्षक ने अचानक जेल वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड के बाहर लगा ताला खुला पाया गया, वहीं बंदियों से मुलाकात के नियमों का भी खुलेआम उल्लंघन सामने आया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, मनेंद्रगढ़ जेल से एक बंदी को केंद्रीय जेल अंबिकापुर स्थानांतरित किया गया था। यहां आने के बाद उसने खुद को बीमार बताया। जेल चिकित्सक की सलाह पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे भर्ती कर लिया। साथ ही बंदी के लिए अटेंडर की आवश्यकता भी बताई गई, जिसके चलते जेल प्रशासन ने अनुमति दे दी।

आरोप है कि बंदी ने अपने प्रभाव का उपयोग करते हुए मिली सुविधा का अनुचित लाभ उठाना शुरू कर दिया। अटेंडर की व्यवस्था के नाम पर नियमों की अनदेखी की गई और जेल वार्ड में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हो गई। मामला सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित प्रहरियों को निलंबित कर दिया है।

जेल अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा और नियमों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।