The Duniyadari: कोरबा। गर्मी के मौसम में जूस पीने वालों के लिए चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शहर के घंटाघर चौपाटी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जूस बनाने के दौरान बर्फ की सिल्ली तोड़ते समय उसमें मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग दंग रह गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम चौपाटी में जूस की दुकान पर कुछ ग्राहक पहुंचे और जूस का ऑर्डर दिया। संचालक ने जूस तैयार करने के बाद उसमें डालने के लिए बर्फ तोड़ना शुरू किया। इसी दौरान बर्फ के अंदर मरा हुआ मेंढक नजर आया। इसे देखकर दुकान संचालक समेत वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बर्फ की सिल्ली में मिला मेंढक, ग्राहकों ने जताई नाराजगी
बताया जा रहा है कि चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा भी मौके पर पहुंचे और बर्फ को तोड़कर मेंढक को बाहर निकाला। इस घटना के बाद ग्राहकों में नाराजगी बढ़ गई। लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से लोगों की सेहत पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुकान में इस्तेमाल की जा रही बर्फ धन्नु बर्फ डिपो से लाई गई थी। घटना के बाद ग्राहकों ने खाद्य विभाग और नगर प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
खाद्य विभाग ने कहा – जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस मामले में खाद्य-औषधि विभाग के अधिकारी विकास भगत ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। जल्द ही जांच कराई जाएगी और शहर में संचालित सभी बर्फ फैक्ट्रियों की भी पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















