Saturday, May 30, 2026
Home Breaking एसी रिपेयरिंग के दौरान जोरदार धमाका, कंप्रेशर फटने से दो सगे भाई...

एसी रिपेयरिंग के दौरान जोरदार धमाका, कंप्रेशर फटने से दो सगे भाई जिंदगी और मौत के बीच

41

The Duniyadari: बिलासपुर- न्यायधानी के तालापारा इलाके में सोमवार को एसी रिपेयरिंग के दौरान अचानक हुए विस्फोट ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। तैबा चौक से कुम्हारपारा मार्ग पर स्थित “परफेक्ट साल्यूशन” नामक दुकान में एसी का कंप्रेशर फटने से दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि आसपास के दुकानदार और राहगीर दहशत में आ गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय दुकान संचालक आरिफ मिर्जा अपने भाई शब्बीर मिर्जा उर्फ पप्पू के साथ एसी की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कंप्रेशर में तेज धमाका हुआ और दुकान के भीतर रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। विस्फोट के बाद दुकान से धुआं निकलने लगा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए दोनों घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों भाइयों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज विशेषज्ञों की निगरानी में जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एसी में गैस भरने के दौरान तकनीकी गड़बड़ी या अधिक दबाव के कारण विस्फोट हुआ हो सकता है। गर्मी के मौसम में एसी की मांग बढ़ने के चलते इस तरह के हादसों की आशंका भी बढ़ जाती है, खासकर जब सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता।

पुलिस अब फोरेंसिक जांच कराने की तैयारी कर रही है, ताकि विस्फोट के सही कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही शहर के एसी मैकेनिकों और दुकानदारों को मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने और सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।