Saturday, May 2, 2026
Home Breaking घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप: पत्नी ने पति पर उबलता पानी...

घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप: पत्नी ने पति पर उबलता पानी फेंका, हालत गंभीर

11

The Duniyadari: सरगुजा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने गुस्से में आकर अपने ही पति को गंभीर रूप से झुलसा दिया। घटना दरिमा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित एक ग्रामीण है जो खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी पत्नी द्वारा घर में शराब बनाने का काम किया जाता था, जिससे अक्सर घर में बाहरी लोगों का आना-जाना लगा रहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। पति ने जब पत्नी को शराब बनाने से रोका, तो वह गुस्से में आ गई और उसने गर्म चावल का पानी पति के ऊपर फेंक दिया। उबलते पानी के संपर्क में आते ही वह बुरी तरह झुलस गया और दर्द से चीखने लगा।

आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।