चक्काजाम मामले में विधायक समेत 12 लोग गिरफ्तार, जमानत पर रिहा

6

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा। सड़क की खराब हालत को लेकर महीनों पहले हुए आंदोलन के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जांजगीर-चांपा के विधायक व्यास कश्यप सहित 12 लोगों को हिरासत में लिया। यह मामला जमानती होने के कारण सभी को बाद में मुचलके पर छोड़ दिया गया।

गिरफ्तारी के बाद विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि जनहित के मुद्दों को उठाने से वे पीछे नहीं हटेंगे। उनका कहना है कि क्षेत्र की कई सड़कें अब भी जर्जर हैं और उनसे जुड़े प्रस्ताव लंबे समय से मंत्रालय स्तर पर लंबित हैं। उन्होंने जांजगीर–पीथमपुर मार्ग और नैला ओवरब्रिज समेत अन्य सड़कों की स्थिति पर भी चिंता जताई।

पुलिस के अनुसार यह प्रकरण 30 जून 2024 को हुए चक्काजाम से जुड़ा है। उस दिन जर्वे–पीथमपुर रोड की मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जांजगीर-चांपा मुख्य मार्ग को करीब छह घंटे तक अवरुद्ध रखा था, जिससे यातायात ठप हो गया था और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

आरोप है कि आंदोलन के दौरान एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई थी। एम्बुलेंस चालक की शिकायत पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया था। चालक ने बताया था कि वह एक मरीज को अस्पताल ले जा रहा था, लेकिन खोखसा ओवरब्रिज के पास जाम के कारण समय पर पहुंचना संभव नहीं हो सका।