Wednesday, April 15, 2026
Home Breaking चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी, यूपीआई से उड़ा दिए 77 हजार रुपये,...

चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी, यूपीआई से उड़ा दिए 77 हजार रुपये, बिलासपुर के युवक को 87 हजार का झटका

3

The Duniyadari: बिलासपुर जिले के एक युवक के साथ चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी होने और उसके जरिए बैंक खाते से पैसे निकालने का मामला सामने आया है। मोबाइल हाथ लगते ही आरोपियों ने उसमें एक्टिव यूपीआई का इस्तेमाल कर 77 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। मोबाइल की कीमत जोड़कर युवक को कुल करीब 87 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, उसलापुर निवासी 38 वर्षीय जयशंकर कश्यप 3 अप्रैल को अपने परिवार के साथ मध्यप्रदेश के मैहर स्थित शारदा मंदिर में दर्शन करने गए थे। 5 अप्रैल को पूजा-अर्चना के बाद वे ट्रेन से वापस बिलासपुर लौट रहे थे। इसी दौरान यात्रा के समय उनका मोबाइल चोरी हो गया। इसकी जानकारी उन्हें उसलापुर स्टेशन पहुंचने के बाद हुई।

शुरुआत में जयशंकर को केवल मोबाइल चोरी होने का अंदेशा था, लेकिन बाद में नुकसान का असली पता चला। उन्होंने नया मोबाइल लेकर सिम कार्ड चालू किया तो बैंक खाते से पैसे निकलने के लगातार मैसेज मिलने लगे। इससे स्पष्ट हुआ कि चोरों ने मोबाइल मिलने के बाद उसमें मौजूद यूपीआई ऐप का उपयोग कर खाते से रकम ट्रांसफर कर ली।

पीड़ित के अनुसार, मोबाइल की कीमत करीब 10 हजार रुपये थी, जबकि खाते से 77 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस तरह कुल नुकसान करीब 87 हजार रुपये तक पहुंच गया। घटना के बाद उन्होंने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि पुलिस ने बताया कि मोबाइल चोरी की घटना मध्यप्रदेश में हुई है, इसलिए क्षेत्राधिकार के कारण वहां एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकी।

इसके बाद जयशंकर ने साइबर सेल में भी शिकायत दर्ज कराई। एसीसीयू टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग डिजिटल वॉलेट में ट्रांसफर किए गए करीब 43 हजार रुपये होल्ड करा दिए। हालांकि बाकी रकम आरोपी निकालने में सफल रहे।

पुलिस अब सिम नंबर, मोबाइल के आईएमईआई और यूपीआई ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामलों में तुरंत सूचना देने से नुकसान कम किया जा सकता है। मोबाइल चोरी होने पर तत्काल सिम ब्लॉक कराना और बैंक को सूचना देना बेहद जरूरी है।

पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन यात्रा के दौरान मोबाइल और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। साथ ही यूपीआई और बैंकिंग ऐप का इस्तेमाल करते समय पासकोड, पिन और बायोमेट्रिक लॉक जैसे सुरक्षा फीचर्स का उपयोग जरूर करें। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।