The Duniyadari: Raipur- छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क और औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने वाली चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल गई है। लगभग 755 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से प्रदेश में माल परिवहन क्षमता बढ़ने के साथ-साथ ऊर्जा क्षेत्र को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परियोजना की स्वीकृति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह रेल लाइन प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी और कोयला परिवहन को अधिक सुगम एवं तेज बनाएगी। इससे बिजली उत्पादन से जुड़े उद्योगों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई रेल लाइन शुरू होने से यात्री सुविधाओं में विस्तार होगा, रेल संचालन अधिक व्यवस्थित बनेगा और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही रोजगार के अवसर सृजित होने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने की भी संभावना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक अहम उपलब्धि साबित होगी तथा प्रदेश के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करेगी।















