Sunday, November 1, 2026
Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में फिर बिगड़ेगा मौसम, 3-4 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट;...

छत्तीसगढ़ में फिर बिगड़ेगा मौसम, 3-4 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट; किसानों की बढ़ी चिंता

5

­The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम तेजी से ताकतवर हो रहा है। इसके चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना के बीच मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के लिए बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ के इलाकों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 1 नवंबर की रात तक चक्रवाती तूफान और 2 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है। इसके 3 नवंबर की सुबह दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान है। इस दौरान समुद्र तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और भारी बारिश का खतरा रहेगा।

3 और 4 नवंबर को छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की आशंका

मौसम विभाग के मुताबिक, 2 नवंबर को प्रदेश में गरज-चमक और बिजली गिरने की गतिविधियां हो सकती हैं। वहीं 3 और 4 नवंबर को छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। स्थानीय स्तर पर मौसम में अचानक बदलाव और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

धान की फसल को लेकर किसानों की बढ़ी परेशानी

बारिश की नई चेतावनी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से हुई बारिश के कारण कई इलाकों में खेतों में पानी भरने और धान की फसल प्रभावित होने की आशंका बनी थी। अब कटाई और फसल को सुरक्षित रखने के समय दोबारा बारिश की संभावना से किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। खेतों में कटी हुई धान की फसल और खलिहानों में रखी उपज को सुरक्षित रखना किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।

आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी

मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। खराब मौसम के समय खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और ग्रामीणों को भी मौसम की चेतावनियों पर नजर रखने तथा बारिश शुरू होने पर सुरक्षित स्थान पर रहने की जरूरत है।

फिलहाल बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम की दिशा और तीव्रता पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है। आने वाले दिनों में इसकी स्थिति के अनुसार प्रदेश के जिलों में मौसम का असर बदल सकता है।