Thursday, March 19, 2026
Home Breaking चैत्र नवरात्रि का आगाज: छत्तीसगढ़ के देवी धामों में उमड़ा आस्था का...

चैत्र नवरात्रि का आगाज: छत्तीसगढ़ के देवी धामों में उमड़ा आस्था का सैलाब, खास बने ज्योतिषीय संयोग

9

The Duniyadari: रायपुर- चैत्र नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ में भक्ति और उत्साह का माहौल छा गया है। प्रदेश के प्रमुख देवी मंदिरों—मां दंतेश्वरी मंदिर, मां बम्लेश्वरी मंदिर, महामाया मंदिर समेत कई शक्ति स्थलों पर विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं।

मंदिरों को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। देशभर के साथ-साथ विदेशों से भी भक्तों में खास उत्साह देखा जा रहा है। कई एनआरआई श्रद्धालुओं ने पहले से ही ज्योति कलश जलवाने के लिए अग्रिम बुकिंग कराई है।

डोंगरगढ़ में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। कई एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी ठहराव दिया गया है, वहीं लोकल ट्रेनों का विस्तार और स्पेशल ट्रेन सेवा भी शुरू की गई है, जिससे यात्रियों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा पैदल यात्रियों के लिए बस सेवा, निशुल्क भंडारा और स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

ज्योतिषीय दृष्टि से भी इस बार की नवरात्रि बेहद खास मानी जा रही है। विद्वानों के अनुसार वर्षों बाद ऐसा संयोग बना है जब कलश स्थापना अमावस्या तिथि में हो रही है, जो अत्यंत शुभ मानी जाती है। साथ ही शुक्ल और ब्रह्म योग का दुर्लभ संयोग भी इस पर्व के महत्व को और बढ़ा रहा है।

महामाया मंदिर में विशेष रूप से महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती की पूजा की जाती है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए यहां इस बार बड़े स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं, जिनमें विस्तृत पार्किंग व्यवस्था भी शामिल है।

पूरे प्रदेश में नवरात्रि को लेकर धार्मिक उत्साह चरम पर है और मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ता नजर आ रहा है।