Tuesday, March 17, 2026
Home छत्तीसगढ़ छत्‍तीसगढ़ में कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पर हमलावर हुई भाजपा, कहा.सरकारी...

छत्‍तीसगढ़ में कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पर हमलावर हुई भाजपा, कहा.सरकारी लठैत के समान कार्य कर रही पुलिस

256

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा कांग्रेस सरकार पर आक्रमक हो गई है। रविवार को रायपुर एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, नवीन मार्कंडेय ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने इस प्रदेश में 15 वर्ष जनता की सेवा की है, परंतु शासकीय मशीनरी व पुलिस का जैसा दुरुपयोग यह कांग्रेस सरकार कर रही है। आज तक विपक्ष ने या जनता ने कभी ऐसा वातावरण नहीं देखा।

भाजपा नेताओं ने कहा , प्रदेश में विभिन्न अवसरों पर यह देखा गया है वर्तमान पुलिस, कांग्रेसी शासन के लठैत के समान कार्य कर रही है। व्यवस्था को समझना पड़ेगा कि सत्ता चिरस्थाई नहीं है। उन्हें सत्ता से आदेश लेकर परंतु निष्पक्ष होकर कार्य करना चाहिए। विगत 3 वर्षों से जब से कांग्रेस की सरकार आई है अगर पुलिस की कार्यप्रणाली देखी जाए तो वह एक तरफा ही ज्यादा नजर आती है।

भाजपा नेताओं ने कवर्धा झंडा विवाद,जगदलपुर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी,पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में धर्मांतरण मामला, आरंग में भाजपा कार्यकर्ता के साथ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की मारपीट और ग्राम सेड़ीखेड़ी के प्रदर्शनकारी 9 लोगों को गैर जमानती धारा लगाकर गिरफ्तार किए जाने के मामलों का जिक्र किया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि पुलिस कांग्रेस के लठैत के रूप में काम कर रही है।