Sunday, August 16, 2026
Home Breaking छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का...

छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; रायपुर समेत अनेक इलाकों में बरसे मेघ

37

The Duniyadari: रायपुर- बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर अब छत्तीसगढ़ में साफ दिखाई दे रहा है। शनिवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है।

प्रदेश के अधिकांश जिलों में शनिवार को बारिश हुई। सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा दंतेवाड़ा जिले के बड़े बचेली क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ओरछा में 7 सेंटीमीटर तथा चांपा, कोंटा, कुटरू, भैरमगढ़, थानखमरिया और बारामकेला सहित कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, अब तक प्रदेश में कुल मानसूनी वर्षा सामान्य से करीब 46 प्रतिशत कम बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे में कई जिलों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इस दौरान तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।

इसी को देखते हुए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

वहीं नारायणपुर, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में शनिवार रात हुई बारिश के बाद रविवार सुबह से आसमान बादलों से घिरा रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिनभर रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।