Sunday, July 26, 2026
Home Breaking महादेव मंदिर में चोरी से सनसनी: चांदी का त्रिकुंड और गौरी माता...

महादेव मंदिर में चोरी से सनसनी: चांदी का त्रिकुंड और गौरी माता का मुकुट लेकर फरार हुए बदमाश

35
Oplus_16908288

The Duniyadari: कवर्धा- जिले के पोड़ी चौकी क्षेत्र स्थित ग्राम सिल्हाटी के प्रसिद्ध बाबा विश्वेश्वर महादेव मंदिर में देर रात चोरी की वारदात से श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। अज्ञात चोर मंदिर का ताला तोड़कर भीतर घुसे और भगवान के श्रृंगार में उपयोग होने वाले चांदी के त्रिकुंड तथा गौरी माता का चांदी का मुकुट चोरी कर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह जब पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर पूजा सामग्री और भगवान के आभूषणों में इस्तेमाल होने वाले चांदी के त्रिकुंड एवं गौरी माता का मुकुट गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरी की पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं में नाराजगी है और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठने लगी है।