छत्तीसगढ़ में 5,000 से अधिक शिक्षकों की भर्ती जल्द, व्यापम को सौंपी गई परीक्षा की जिम्मेदारी

6

The Duniyadari: रायपुर। प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़े पैमाने पर शिक्षकों की नियुक्ति की तैयारी पूरी कर ली है। सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) सहित कुल 5,000 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाएगा। परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल को सौंपी गई है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी कर व्यापम को भेज दी गई हैं। सीधी भर्ती 2023 की लंबित प्रक्रिया भी अब समाप्त हो चुकी है, जिसके बाद नई नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद फरवरी 2026 से भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने की तैयारी है। इन पदों पर चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से होगा। विस्तृत दिशा-निर्देश और पात्रता संबंधी जानकारी आधिकारिक विज्ञापन के साथ जारी की जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी को दूर करना है। भर्ती के जरिए न केवल शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि हजारों युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर भी प्राप्त होगा। अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न श्रेणियों में पद निर्धारित किए गए हैं।

गौरतलब है कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण में न्यायालय के आदेश के अनुसार सेवा से पृथक किए गए 2621 बी.एड. अभ्यर्थियों के स्थान पर डी.एड. अर्हता रखने वाले उम्मीदवारों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया गया है।

शिक्षा विभाग का मानना है कि नई नियुक्तियों से राज्य के दूरस्थ और ग्रामीण स्कूलों में भी शिक्षण व्यवस्था बेहतर होगी और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।