Wednesday, March 25, 2026
Home Breaking छात्राओं को दिखाई गई ‘द केरल स्टोरी 2’, जागरूकता और आत्मनिर्भरता पर...

छात्राओं को दिखाई गई ‘द केरल स्टोरी 2’, जागरूकता और आत्मनिर्भरता पर दिया गया जोर

3

The Duniyadari: सूरजपुर- जिले में छात्राओं को सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास मंत्री व भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में विशेष पहल की गई। इस दौरान विभिन्न महाविद्यालयों की लगभग 600 छात्राओं को सामाजिक विषय पर आधारित फिल्म द केरल स्टोरी 2 दिखाई गई।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में बेटियों का शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि छात्राओं को समाज में आने वाली चुनौतियों और परिस्थितियों की जानकारी मिलना आवश्यक है, ताकि वे सही निर्णय लेने में सक्षम बन सकें और अपने भविष्य को सुरक्षित दिशा दे सकें। उन्होंने यह भी कहा कि आत्मविश्वास और जागरूकता ही बेटियों के सुरक्षित और सशक्त भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने फिल्म के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को समझा और जीवन में सतर्क रहने की आवश्यकता पर चर्चा की। कई छात्राओं ने कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें जागरूक बनने और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए लगातार योजनाएं चला रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षक, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।