The Duniyadari: कोरिया जिले के बैकुंठपुर में छात्रा की आत्महत्या का मामला अब बड़ा जनआंदोलन बनता नजर आ रहा है। परिजनों ने एक निजी मार्ट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इसी मांग को लेकर परिवार के सदस्य, स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि सिटी कोतवाली पहुंचे, जहां देर तक विरोध प्रदर्शन चलता रहा।
परिजनों का आरोप है कि खरीदारी के दौरान छात्रा पर कथित रूप से चोरी का आरोप लगाया गया, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में आ गई। अगले ही दिन उसने अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। परिवार का कहना है कि कथित अपमान और मानसिक दबाव ही इस आत्मघाती कदम की वजह बना।
मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किए बिना पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। स्थानीय विधायक भैयालाल राजवाड़े भी कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस बीच बड़ी संख्या में लोग संबंधित मार्ट के बाहर और मुख्य सड़क पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने छात्रा को न्याय दिलाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



































