The Duniyadari: बालोद जिले के ग्राम हथौद स्थित मुक्तानंद आश्रम में चंदन के कीमती पेड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। गुरुवार देर रात अज्ञात बदमाश आश्रम परिसर में घुसे और खेत की मेड़ पर लगे पांच चंदन के पेड़ों को काटकर फरार हो गए। घटना का पता शुक्रवार सुबह चलने पर आश्रम प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि आश्रम परिसर में करीब 20 से 25 वर्ष पुराने कुल 10 चंदन के पेड़ लगे थे। चोर पहले सुरक्षा फेंसिंग को क्षतिग्रस्त कर अंदर दाखिल हुए और मशीन की मदद से लगभग 7 से 8 फीट ऊंचे पांच पेड़ों को काटकर अपने साथ ले गए।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास से साक्ष्य जुटाने के साथ ही अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।















