Friday, July 10, 2026
Home Breaking भागवत कथा में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का नाम गलत लेने पर...

भागवत कथा में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का नाम गलत लेने पर विवाद, समर्थकों ने जताई नाराजगी

4

The Duniyadari: राजधानी रायपुर के बुढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान एक मंचीय चूक विवाद का कारण बन गई। कथा में शामिल होने पहुंचे छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का मंच से स्वागत करते समय उनके नाम का कई बार गलत उच्चारण किए जाने पर समर्थकों ने कड़ी नाराजगी जताई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंत्री को मंच पर आमंत्रित करने के दौरान संचालक उनके नाम का सही उल्लेख नहीं कर सके। बार-बार हुई इस गलती पर कार्यक्रम में मौजूद समर्थकों ने आपत्ति जताते हुए इसे गंभीर लापरवाही बताया। उनका कहना है कि किसी भी विशिष्ट अतिथि, विशेषकर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री के नाम और परिचय की पहले से सही जानकारी होना आयोजकों की जिम्मेदारी है।

समर्थकों का कहना है कि गुरु खुशवंत साहेब न केवल राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में भी उनकी महत्वपूर्ण पहचान है। ऐसे में सार्वजनिक मंच से उनके नाम का गलत उच्चारण करना सम्मानजनक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने आयोजन समिति से भविष्य में ऐसी चूक दोबारा नहीं होने देने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम का संचालन विजय शर्मा कर रहे थे। हालांकि, पूरे घटनाक्रम पर आयोजन समिति की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस बीच मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।