Friday, July 10, 2026
Home Breaking तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, साथी गंभीर...

तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, साथी गंभीर घायल

11

The Duniyadari: Bilaspur- जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। ग्राम बिनौरी मोड़ के पास तेज रफ्तार हाईवा ने स्कूटी को सामने से टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के मुताबिक, लोहर्सी निवासी 50 वर्षीय बरन भानु अपने मित्र बंशी श्रीवास के साथ स्कूटी से मल्हार जा रहे थे। बताया जा रहा है कि परिवार में होने वाली शादी के लिए टीवी खरीदने दोनों बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पहले मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया।

सिम्स में उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह बरन भानु ने दम तोड़ दिया। वहीं, बंशी श्रीवास का इलाज जारी है। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।