The Duniyadari: Raigarh Police ने लंबे समय से फरार चल रहे हत्या के प्रयास और लूट के आरोपी को जम्मू से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत पुसौर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके ससुराल से पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, मार्च 2025 में कृष्णा सिदार पर रावनखोंदरा के पास जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल युवक किसी तरह घर पहुंचा, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय जांच में सामने आया कि उसके सिर पर लगी चोटें बेहद गंभीर थीं और समय पर इलाज नहीं मिलने पर उसकी जान भी जा सकती थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने टांगी से हमला करने के बाद घायल का मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी लूट ली थी। साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास और लूट सहित अन्य धाराएं जोड़ी गईं।
विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी प्रकाश सिदार की लोकेशन जम्मू में मिलने पर पुलिस टीम वहां रवाना हुई। स्थानीय पुलिस की मदद से उसे उसके ससुराल से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और एक विधि से संघर्षरत बालक के शामिल होने की भी जानकारी दी।
शिनाख्त परेड में घायल ने दोनों की पहचान की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।















