The Duniyadari: Bilaspur– सेंट्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली बीए-एलएलबी की एक छात्रा ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उस समय सामने आई, जब मंगलवार सुबह छात्रा काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली। साथ में रहने वाली अन्य छात्राओं ने दरवाजा खटखटाकर आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
स्थिति संदिग्ध लगने पर छात्राओं ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर छात्रा का शव पंखे से लटकता हुआ मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, छात्रा सोमवार रात घर से लौटकर अपने कमरे में गई थी। इसके बाद से दरवाजा नहीं खुला। सुबह तक कोई हलचल नहीं होने पर आसपास रहने वाली छात्राओं ने चिंता जताई और पुलिस को सूचना दी। मृतका की पहचान सृष्टि के रूप में की गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए छात्रा के परिजनों तथा साथियों से पूछताछ की जा रही है। कमरे से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।















