The Duniyadari: पखांजूर- कांकेर जिले के दुर्गकोंदल थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटगांव हेलीपेड में मिले युवक की संदिग्ध मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शुरुआती तौर पर मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन जांच में सामने आया कि घटना जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई लापरवाही का नतीजा थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रितिक रोशन मरकाम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी डिग्गू नरेटी ने अपने जन्मदिन पर हेलीपेड में तीन दोस्तों को पार्टी के लिए बुलाया था। देर रात तक सभी ने शराब पी और जश्न मनाया। इसी दौरान रितिक रोशन मरकाम अत्यधिक नशे की हालत में ट्रक के सामने ही जाकर सो गया।
इसके बाद आरोपी डिग्गू नरेटी ने भी नशे की हालत में ट्रक स्टार्ट कर दिया और बिना ध्यान दिए वाहन आगे बढ़ा दिया। ट्रक सीधे रितिक के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने खुटगांव हेलीपेड के पास युवक को संदिग्ध हालत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामला संदिग्ध लगने पर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद पूरी घटना का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपी डिग्गू नरेटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना से पहले मृतक और आरोपी के बीच किसी प्रकार का विवाद तो नहीं था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद मामले की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।















