Saturday, June 13, 2026
Home Breaking जेल में बंद विचाराधीन कैदी की मौत से बवाल, परिजनों ने लगाए...

जेल में बंद विचाराधीन कैदी की मौत से बवाल, परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप

3
Oplus_16908288

The Duniyadari: रायगढ़ जिला जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत के बाद हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान नवापारा निवासी संजय बघेल के रूप में हुई है। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गए, जहां उन्होंने जेल प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

जानकारी के मुताबिक संजय बघेल को आबकारी से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। जेल में उसकी तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार ने मौत को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद संजय के साथ जेल में मारपीट की गई थी, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। पिता प्यारेलाल बघेल ने दावा किया कि मामले में पकड़े गए दूसरे व्यक्ति को कथित रूप से छोड़ दिया गया, जबकि संजय को जेल भेज दिया गया। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव के जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल प्रशासन की ओर से मौत के कारणों पर कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।