Tuesday, July 28, 2026
Home Breaking ज्वेलर्स, बैंक और ATM की सुरक्षा जांच तेज, पुलिस ने दिए कड़े...

ज्वेलर्स, बैंक और ATM की सुरक्षा जांच तेज, पुलिस ने दिए कड़े सुरक्षा निर्देश

18

The Duniyadari: Sarguja– जिले में वित्तीय संस्थानों और आभूषण दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मजबूत करने के उद्देश्य से सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में स्थित ज्वेलर्स दुकानों, बैंकों, एटीएम और अन्य वित्तीय संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया।

पुलिस टीमों ने बैंक प्रबंधकों और ज्वेलर्स संचालकों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, सुरक्षा गार्ड की उपलब्धता और परिसर में आने-जाने वाले लोगों की निगरानी की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को हाई-क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगातार सक्रिय रखने और प्रत्येक गतिविधि पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही बैंकों और ज्वेलर्स दुकानों में सुरक्षा गार्ड तैनात करने तथा आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने पर भी जोर दिया गया।

जांच के दौरान बैंक और प्रतिष्ठानों के आसपास अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने सुरक्षा रजिस्टर में दर्ज टिप्पणियों और निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रबंधकों व संचालकों को कहा।

पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल परिसर के अंदर ही नहीं, बल्कि बैंक और दुकानों के आसपास के क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 या संबंधित थाना-चौकी प्रभारी को देने की अपील की गई है।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देश पर पुलिस पेट्रोलिंग टीमों को वित्तीय संस्थानों और ज्वेलर्स दुकानों के आसपास लगातार गश्त करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का यह सुरक्षा अभियान आगे भी जारी रहेगा।