Saturday, June 27, 2026
Home Breaking झूलते बिजली तार ने ली किसान की जान, खेत की फेंसिंग में...

झूलते बिजली तार ने ली किसान की जान, खेत की फेंसिंग में दौड़ा करंट; ग्रामीणों का बिजली विभाग पर फूटा गुस्सा

3
Oplus_16908288

The Duniyadari: दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र के चिंगरी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय किसान वीरेंद्र देशमुख की करंट लगने से मौत हो गई। किसान अपने खेत में सफाई का काम कर रहे थे, तभी लोहे की कंटीली फेंसिंग के संपर्क में आते ही उन्हें तेज बिजली का झटका लगा। करंट इतना तेज था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वीरेंद्र की मौत हो चुकी थी। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन काफी समय से झूल रही थी और इसकी शिकायत कई बार विभाग से की जा चुकी थी। बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं किया गया।

बताया जा रहा है कि खेती के काम में बाधा आने पर वीरेंद्र देशमुख ने दो दिन पहले झूल रहे बिजली के तार को सहारा देने के लिए उसे सीमेंट के पोल से बांध दिया था। इसी दौरान किसी तरह बिजली का प्रवाह खेत की लोहे की फेंसिंग तक पहुंच गया, जिससे पूरी फेंसिंग करंट की चपेट में आ गई। शनिवार को काम करते समय जैसे ही उनका हाथ फेंसिंग से लगा, वे करंट की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा गांव और आसपास के खेतों में झूल रहे बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।