The Duniyadari: कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। तालाब में नहाने पहुंची तीन मासूम बच्चियों की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान इंदु (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में अच्छी सहेलियां थीं।

बताया गया कि तीनों बच्चियां उस दिन स्कूल नहीं गई थीं। दोपहर के समय वे घर से निकलकर तालाब की ओर चली गईं। उस वक्त उनके परिजन अपने-अपने काम में व्यस्त थे। काफी समय बीतने के बाद भी बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान ग्रामीणों को तालाब के किनारे बच्चियों के कपड़े और चप्पल दिखाई दिए। इसी बीच पानी में एक बच्ची का शव नजर आया। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू कर दी और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से तालाब में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी प्रयास के बाद पानी से तीनों बच्चियों के शव बाहर निकाले गए।
प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि नहाते समय बच्चियां तालाब के गहरे हिस्से में चली गईं और पानी में डूब गईं। हादसे के समय तालाब के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिसके कारण समय रहते उन्हें मदद नहीं मिल सकी।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद बस्ती में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।



















