Tuesday, November 3, 2026
Home छत्तीसगढ़ आज छत्तीसगढ़ आ रहे अमित शाह, राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे...

आज छत्तीसगढ़ आ रहे अमित शाह, राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल; महिलाओं के खाते में जारी होगी महतारी वंदन की राशि

4

The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अंतिम दिन आज केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। अस्पताल के उद्घाटन से लेकर विकसित भारत संकल्प पार्क के लोकार्पण तक उनका कार्यक्रम निर्धारित है। इसके साथ ही राज्योत्सव के समापन समारोह में प्रदेश की महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त भी जारी की जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह दोपहर 3:05 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल जाएंगे। दोपहर 3:30 बजे अस्पताल के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होकर शाम 5 बजे तक वहां रहेंगे।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री नया रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन पहुंचेंगे। शाम 5:35 बजे विकसित भारत संकल्प पार्क का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद वे राज्योत्सव मैदान के लिए रवाना होंगे।

राज्योत्सव के मंच से महिलाओं को मिलेगी सौगात

अमित शाह शाम 5:55 बजे राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे। यहां आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी की जाएगी। इससे प्रदेश की लाखों पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी।

राज्योत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अमित शाह रात 8 बजे रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। रात 8:20 बजे विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करने का कार्यक्रम तय है।

केंद्रीय गृह मंत्री का यह दौरा राज्योत्सव के समापन के साथ-साथ प्रदेश में विकास और महिला सशक्तीकरण से जुड़े कार्यक्रमों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।