Tuesday, November 3, 2026
Home कोरबा कोरबा में नामी ब्रांडों के खाद्य उत्पाद भी जांच में फेल, पतंजलि...

कोरबा में नामी ब्रांडों के खाद्य उत्पाद भी जांच में फेल, पतंजलि घी और हल्दीराम के सामान पर उठे सवाल

5

The Duniyadari: 10 महीने में 120 नमूनों की जांच, 20 उत्पाद मिले अमानक; खाद्य विभाग ने दुकानों पर की कार्रवाई

कोरबा। त्योहारों के मौसम में बाजार में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ उनकी शुद्धता को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। आमतौर पर लोग अच्छी गुणवत्ता की उम्मीद में प्रतिष्ठित कंपनियों के उत्पाद खरीदते हैं, लेकिन कोरबा में खाद्य विभाग की जांच ने इस भरोसे को झटका दिया है। जांच के दौरान कुछ बड़े ब्रांडों के खाद्य पदार्थ भी निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे।

जिले में बीते 10 महीनों के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने अलग-अलग स्थानों से 120 नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे थे। इनमें से 20 नमूनों की रिपोर्ट अमानक आई है। जांच में पतंजलि का शुद्ध देसी घी और हल्दीराम के रसगुल्ले व चना जैसे उत्पाद भी शामिल बताए गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक जांच किए गए नमूनों में लगभग 17 प्रतिशत उत्पाद गुणवत्ता के निर्धारित मानकों पर विफल रहे।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय भारत के अनुसार, दूषित या मिलावटी खाद्य सामग्री का इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इससे फूड पॉइजनिंग के अलावा कई तरह की बीमारियां होने की आशंका रहती है। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ कानून में भारी आर्थिक दंड से लेकर उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है।

इधर, कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर सोमवार को खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने जिले की चार दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों पर कुल 13 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही विभिन्न खाद्य सामग्रियों के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया भी की गई है।

विभाग की निगरानी केवल दुकानों तक सीमित नहीं है। जिले के कई रेस्टोरेंट और डेयरी संचालकों के खिलाफ भी पहले कार्रवाई की जा चुकी है, जिन पर लाखों रुपये का जुर्माना लगाया गया है। त्योहारों के दौरान मिलावट की आशंका को देखते हुए विभाग ने खाद्य कारोबारियों पर निगरानी बढ़ाई है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।