Tuesday, August 11, 2026
Home छत्तीसगढ़ तिरंगा यात्रा को लेकर भूपेश बघेल का भाजपा पर हमला, बोले- राष्ट्रभक्ति...

तिरंगा यात्रा को लेकर भूपेश बघेल का भाजपा पर हमला, बोले- राष्ट्रभक्ति का दावा करने वालों का इतिहास सबके सामने

7

The Duniyadari: रायपुर। बस्तर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की तीन दिवसीय तिरंगा यात्रा को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। बघेल ने भाजपा पर राष्ट्रवाद और तिरंगे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज जो लोग तिरंगा यात्रा निकालकर खुद को राष्ट्रप्रेमी बता रहे हैं, उनके पुराने रिकॉर्ड को भी जनता को देखना चाहिए।

बघेल ने कहा कि भाजपा शासन के दौरान बस्तर में कई जगहों पर काले झंडे दिखाई देते थे, जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ऐसी स्थिति नहीं रही। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के दौरान पहली बार सभी पंचायतों में चुनाव कराए गए।

बांग्लादेशियों के नाम पर सिर्फ राजनीति’

बांग्लादेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के मुद्दे पर भी बघेल ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लंबे समय तक भाजपा की सरकार रही और वर्तमान सरकार को भी करीब ढाई साल हो चुके हैं, लेकिन अब तक केवल दो बांग्लादेशी नागरिकों की गिरफ्तारी को उपलब्धि के तौर पर बताया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि बांग्लादेश के नाम पर लगातार राजनीति करने वाली भाजपा सरकार ने इतने वर्षों में क्या कार्रवाई की?

महतारी वंदन योजना को लेकर उठाए सवाल

महतारी वंदन योजना को लेकर बघेल ने सरकार से सवाल किया कि योजना लागू होने के बाद कई महिलाओं की शादियां हुई हैं, लेकिन उनके नाम पोर्टल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने पूछा कि पोर्टल बंद क्यों रखा गया है और ऐसी महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा या नहीं, सरकार को इसकी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। बघेल ने आरोप लगाया कि सरकार योजना के नाम पर महिलाओं को भ्रमित कर रही है।

रोजगार और पलायन को लेकर सरकार पर निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की औद्योगिक नीति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि नई उद्योग नीति के बावजूद छत्तीसगढ़ से मजदूरों का पलायन जारी है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण प्रदेश के श्रमिक दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हैं।

बघेल ने मनरेगा को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले ग्रामीण गरीबों को काम उपलब्ध होता था, लेकिन अब उन्हें उसका पर्याप्त लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में कोई बड़ा नया उद्योग नहीं आया और न ही पर्याप्त नई नौकरियां पैदा हुईं।

ईडी की कार्रवाई पर भी उठाया सवाल

ईडी को लेकर भूपेश बघेल ने केंद्र और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कथित तौर पर अफीम की खेती और उससे जुड़े मामलों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मामला मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हो सकता है तो ईडी की कार्रवाई कहां है?

बघेल ने छत्तीसगढ़ में शराब की बिक्री को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में शराब निर्धारित कीमत से अधिक दर पर बेची जा रही है।