Thursday, April 16, 2026
Home Breaking थाने में प्रार्थी से मारपीट, एएसआई निलंबित — जांच के बाद दर्ज...

थाने में प्रार्थी से मारपीट, एएसआई निलंबित — जांच के बाद दर्ज हुई एफआईआर

7

The Duniyadari: Bilaspur-  रतनपुर थाना परिसर में एक प्रार्थी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता द्वारा जांच रिपोर्ट के संबंध में जानकारी मांगना पुलिसकर्मी को नागवार गुजरा और विवाद बढ़ते-बढ़ते थप्पड़बाजी तक पहुंच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपी एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार, बनियापारा रतनपुर निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच अपने पूर्व में दिए गए परिवाद की स्थिति जानने रतनपुर थाने पहुंचे थे। उन्होंने अपने आवेदन की प्रगति और न्यायालय में प्रेषण को लेकर जानकारी मांगी। आरोप है कि इस दौरान एएसआई दिनेश तिवारी भड़क गए और उन्होंने प्रार्थी से अभद्र भाषा में बात करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़ित का कहना है कि विवाद बढ़ने पर एएसआई ने उन्हें थप्पड़ मारना शुरू कर दिया और करीब 15 से 20 थप्पड़ जड़ दिए। घटना के समय थाना परिसर में अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। आरोप है कि मारपीट के दौरान एएसआई ने धमकी देते हुए कहा कि नेतागिरी दिखाने पर उसे जेल भेज दिया जाएगा।

घटना की जानकारी मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन ने पूरे मामले से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को अवगत कराया। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए और आरोपी एएसआई दिनेश तिवारी को निलंबित कर दिया। साथ ही मारपीट के आरोप में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।