Wednesday, July 8, 2026
Home Breaking थाने में मारपीट और दफ्तरों में सुस्ती पर कांग्रेस का हमला, “आम...

थाने में मारपीट और दफ्तरों में सुस्ती पर कांग्रेस का हमला, “आम जनता परेशान”

36

The Duniyadari: Raipur–  प्रदेश में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में आरोप लगाया गया है कि रतनपुर क्षेत्र में एक फरियादी के साथ थाने में मारपीट की गई।

बताया जा रहा है कि शिकायत दर्ज कराने पहुंचे व्यक्ति से कथित तौर पर पैसे की मांग की गई और इंकार करने पर उसके साथ बदसलूकी और पिटाई की गई।

इसी तरह आम लोगों को सरकारी दफ्तरों में छोटे-छोटे कामों के लिए भी भटकना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने के लिए कर्मचारियों को “खुश” करना पड़ता है, तभी काम समय पर हो पाता है।

इस पूरे मामले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आम जनता के काम नहीं हो रहे हैं और लोगों को बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं। उनके अनुसार, पहले लागू सिटीजन चार्टर का पालन अब ठीक से नहीं हो रहा, जिससे जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।

बैज ने यह भी आरोप लगाया कि पटवारी से लेकर तहसील कार्यालयों तक नामांतरण, त्रुटि सुधार और अन्य जरूरी कार्यों के हजारों आवेदन लंबित पड़े हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सड़क, पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी इंतजार करना पड़ रहा है।

उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि कई जिलों में हुए विरोध प्रदर्शन इस बात का संकेत हैं कि जनता में असंतोष बढ़ रहा है।

हालांकि, इन आरोपों को लेकर प्रशासन या सरकार की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।