The Duniyadari: अभनपुर क्षेत्र के गोबरा नवापारा नगर पालिका में कार्यरत एक सफाई कर्मचारी के साथ थाने में मारपीट का मामला सामने आने के बाद इलाके में नाराज़गी फैल गई है। आरोप है कि हुलास साहू नामक आरक्षक ने नगर पालिका कर्मचारी जुगे माचखंड के साथ मारपीट की, जिससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह आरक्षक हुलास साहू सफाई कर्मचारी को नाली सफाई के बहाने थाने लेकर गया था। इसी दौरान चोरी के एक मामले में पूछताछ के नाम पर कथित रूप से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। मारपीट में गंभीर रूप से घायल जुगे माचखंड को उपचार की आवश्यकता पड़ी, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित के परिजन, मोहल्ले के लोग और नगर पालिका के अन्य सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में गोबरा नवापारा थाना पहुंच गए और आरोपी आरक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
वहीं राम यादव के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा के पदाधिकारियों और कांग्रेस पार्षदों ने भी थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोपी आरक्षक पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से जांच की बात कही जा रही है।















