Sunday, May 3, 2026
Home Breaking दरिंदगी की हद पार: दुष्कर्म के बाद महिला की निर्मम हत्या, फॉरेंसिक...

दरिंदगी की हद पार: दुष्कर्म के बाद महिला की निर्मम हत्या, फॉरेंसिक रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे

40

The Duniyadari: अंबिकापुर- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक महिला के साथ हुई बर्बर वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। आरोपियों ने पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया, फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की क्रूरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने शव के साथ भी अमानवीय व्यवहार किया।

मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. संटू बाघ ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई सनसनीखेज तथ्य सामने आने की पुष्टि की है। रिपोर्ट के अनुसार महिला की सभी 12 पसलियां टूट चुकी थीं। पसलियों के टुकड़ों से फेफड़े और दिल को गंभीर क्षति पहुंची, जिससे उसकी मौत हुई। इसके अलावा सिर पर तीन जगह गहरी चोटें मिलीं और खोपड़ी की हड्डियां भी टूट गई थीं। गला दबाने के स्पष्ट निशान भी पाए गए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि आरोपी ने महिला के सीने पर चढ़कर अत्यधिक दबाव डाला था।

फॉरेंसिक टीम ने मामले में एक से अधिक आरोपियों के शामिल होने की आशंका जताई है। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज में घटना से कुछ समय पहले महिला एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ जाते हुए दिखाई दी है। इसी आधार पर पुलिस संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि महिला के निजी अंग में प्लास्टिक की बोतल डाली गई थी, जिससे घटना की क्रूरता और बढ़ गई है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है।

घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने आरोपियों को फांसी देने की मांग करते हुए इसे निर्भया कांड जैसी भयावह घटना बताया है। उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर जल्द से जल्द सख्त सजा देने की मांग की है।

इधर, महिला कांग्रेस ने भी विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।