The Duniyadari: Raigarh- जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौके पर ही मौत हो गई.
जबकि उसके पति और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद नाराज़ ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मिली जानकारी के अनुसार, भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघनपुर के पास कोयला लोड ट्रेलर क्रमांक CG-13-AD-2483 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार उमा राठिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पति टीकाराम राठिया और साथ में मौजूद मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि उमा राठिया आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं और सुबह अपने पति व बच्चे के साथ स्कूटी से अपने गांव सिंघनपुर लौट रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई। चक्काजाम के कारण सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही भूपदेवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस द्वारा मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।















