Friday, May 8, 2026
Home Breaking दिनदहाड़े गुंडागर्दी, बैंक से लौट रहे कर्मचारी को बेल्ट-लात-घूंसों से पीटा; बचाने...

दिनदहाड़े गुंडागर्दी, बैंक से लौट रहे कर्मचारी को बेल्ट-लात-घूंसों से पीटा; बचाने आए इंजीनियर का हाथ तोड़ा, तीन आरोपी गिरफ्तार

8

The Duniyadari: रायपुर- राजधानी में अपराध थम नहीं रहे हैं। शनिवार दोपहर देवेंद्र नगर इलाके में तीन युवकों ने बीच सड़क पर गुंडागर्दी की। बैंक से लौट रहे एक ऑफिस कर्मचारी को रोककर बैग छीनने की कोशिश की और गाली-गलौज करते हुए बेल्ट, लात-घूंसों से जमकर पीटा।

सूचना पर अपने कर्मचारी को बचाने पहुंचे इंजीनियर इरफान रिज़वी पर भी हमलावरों ने स्कूटर से दो बार टक्कर मारकर जमीन पर गिरा दिया और कॉलर पकड़कर मारपीट की। इरफान रिज़वी अमन नगर, मोवा रायपुर के रहने वाले हैं।

हमले में कर्मचारी अशरफ खान का एक पैर फ्रैक्चर हो गया। बेल्ट से पिटाई के कारण शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। वहीं इंजीनियर इरफान रिज़वी के दाहिने हाथ की हड्डी टूट गई। दोनों घायलों को पुलिस सुरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने इरफान को सर्जरी के लिए रेफर किया है।

देवेंद्र नगर थाने में अपराध क्रमांक 0086, दिनांक 03.05.2026 के तहत केस दर्ज किया गया है। पीड़ितों के बयान पर पुलिस ने तीन आरोपियों (1) मोहसिन भाटी पिता अनवर भाटी, (2) फैजान चांगल पिता फारूख चांगल और (3) अनस चौहान पिता अलताफ चौहान, सभी निवासी देवेंद्र नगर, को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है।

देवेंद्र नगर जैसे पॉश और व्यावसायिक इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोग और व्यापारी दहशत में हैं। क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।