The Duniyadari: बालोद– जिले में पानी की तलाश में गांव पहुंचा एक तेंदुआ कुएं में गिर गया। घटना के बाद से तेंदुआ करीब 6 घंटे से कुएं के अंदर लगे मोटर पाइप के सहारे लटका हुआ है। मामला बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम जगतरा का है। तेंदुआ दिखने के बाद गांव में दहशत फैल गई है.
ग्रामीण गोलू यादव ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे कुएं का मालिक पानी भरने पहुंचा। झांकने पर कुएं के भीतर तेंदुआ दिखा। खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम जगतरा के लिए रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि पानी में गिरने और देर तक संघर्ष करने से तेंदुआ काफी थक गया है। वह किसी तरह मोटर पाइप पकड़कर खुद को संभाले हुए है।
वन विभाग के अफसरों ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है। मौके पर भीड़ न लगे, इसके लिए ग्रामीणों को कुएं से दूर रहने की समझाइश दी गई है। फिलहाल तेंदुए की हालत स्थिर बताई जा रही है।















