The Duniyadari: कटघोरा- कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम छुरी में मंगलवार दोपहर एक ज्वेलरी दुकान में फिल्मी अंदाज में लूट की कोशिश से हड़कंप मच गया। तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए और मौका मिलते ही दुकान संचालक पर हमला कर जेवरात लूटने का प्रयास किया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब एक बजे आरोपी सोने की अंगूठी खरीदने के बहाने राज ज्वैलर्स पहुंचे। इनमें से एक बदमाश महिला के वेश में था, ताकि किसी को उस पर शक न हो। बातचीत के दौरान आरोपियों ने अचानक संचालक की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और कट्टा व चाकू दिखाकर दुकान में रखे आभूषण समेटने लगे।
वारदात के दौरान दुकान में मौजूद कर्मचारियों और संचालक राजकुमार अग्रवाल ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया। इस दौरान हाथापाई हुई, जिसमें संचालक पर चाकू से हमला किया गया और उसे दांत से काटने की भी बात सामने आई है। विरोध बढ़ने पर बदमाश घबरा गए और जल्दबाजी में कुछ आर्टिफिशियल ज्वेलरी लेकर मौके से फरार हो गए।
भागते समय आरोपी अपना एक देसी कट्टा और प्लेटिना मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।















