Wednesday, July 1, 2026
Home Breaking महाराष्ट्र–छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़, दो बाघों की खाल और...

महाराष्ट्र–छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़, दो बाघों की खाल और पैंगोलिन के शल्क बरामद

10
Oplus_16908288

The Duniyadari: जगदलपुर- महाराष्ट्र–छत्तीसगढ़ सीमा पर चल रहे वन्यजीव तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। संयुक्त अभियान के दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से दो बाघों की खाल बरामद हुई। आगे की तलाशी में पैंगोलिन के शल्क भी मिले, जिससे यह मामला अंतर्राज्यीय वन्यजीव तस्करी के संगठित नेटवर्क से जुड़ा हुआ सामने आया है।

यह कार्रवाई ऑपरेशन सेफ पैसेज के तहत उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB), वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने की। जांच में प्रारंभिक तौर पर यह जानकारी मिली है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पुलिस विभाग से जुड़े कर्मचारी हैं। साथ ही, बाघों का शिकार इंद्रावती–अबूझमाड़ के जंगलों में किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई मध्य भारत के लगभग 400 किलोमीटर लंबे टाइगर कॉरिडोर की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी इसी तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि बाघ समेत अन्य दुर्लभ वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।