Friday, August 28, 2026
Home रायपुर दिल्ली से लौटे CM साय ने दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं, नितिन नबीन...

दिल्ली से लौटे CM साय ने दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं, नितिन नबीन से मुलाकात पर बोले- प्रदेश के मुद्दों पर हुई चर्चा

4

The Duniyadari: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने दिल्ली प्रवास से छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। राजधानी वापसी के बाद उन्होंने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

अपने एक दिवसीय दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि पिछले दिल्ली दौरे में दोनों नेताओं की मुलाकात नहीं हो सकी थी। इसके बाद नितिन नबीन ने इस बार मुख्यमंत्री को मिलने का समय दिया, जिसके बाद दोनों के बीच मुलाकात हुई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ से संबंधित विभिन्न विषयों और प्रदेश में चल रहे कामकाज की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ साझा की। वहीं, नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी को लेकर चल रही चर्चाओं पर सीएम ने कहा कि यह फैसला केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर लिया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि संगठन में प्रदेश प्रभारी की व्यवस्था आगे भी बनी रहेगी।

चार नगर निगम चुनावों में जीत का दावा

आगामी चार नगर निगमों के चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा की जीत को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पार्टी संगठन और सरकार बेहतर तरीके से काम कर रहे हैं। आने वाले चुनावों में भाजपा को इसका लाभ मिलेगा और पार्टी को अच्छी सफलता हासिल होगी।

नेपाल में बाढ़ पर जताई चिंता

नेपाल में आई भीषण बाढ़ को लेकर भी मुख्यमंत्री ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बाढ़ की वजह से भारी नुकसान हुआ है और भारत समेत छत्तीसगढ़ के कुछ लोगों के लापता होने की जानकारी भी सामने आई है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर जारी किए गए हैं। प्रभावित परिवार इन नंबरों के माध्यम से अपनी समस्या प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आवश्यकता के अनुसार सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी।