The Duniyadari: अंबिकापुर। नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई अचानक भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। इस प्राकृतिक आपदा के बीच अंबिकापुर से जुड़ी एक चिंताजनक खबर सामने आई है। वरिष्ठ भाजपा नेता करता राम गुप्ता की बेटी और इंग्लैंड में कार्यरत त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. मीना गुप्ता भी बाढ़ के बाद से लापता बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, डॉ. मीना गुप्ता कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं। 23 अगस्त को यात्रा पूरी करने के बाद 25 अगस्त को उनका करीब 80 लोगों का दल नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित आव्रजन कार्यालय पहुंचा था। इसी दौरान अचानक आई बाढ़ ने वहां मौजूद तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद डॉ. मीना समेत दल के कई सदस्यों से संपर्क नहीं हो पाया है।
इंग्लैंड में चर्म रोग विशेषज्ञ हैं डॉ. मीना
परिजनों के मुताबिक, डॉ. मीना वर्तमान में इंग्लैंड के टोरकी शहर में त्वचा रोग विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दे रही हैं। वह 14 अगस्त को दिल्ली पहुंची थीं और इसके बाद एक आध्यात्मिक गुरु के नेतृत्व में करीब 80 लोगों के समूह के साथ काठमांडू रवाना हुई थीं।
23 अगस्त को दल ने कैलाश मानसरोवर की धार्मिक यात्रा पूरी की। इसके दो दिन बाद सीमा क्षेत्र में जरूरी इमिग्रेशन प्रक्रिया के लिए सभी लोग पहुंचे थे। इसी दौरान आई बाढ़ ने हालात बेहद भयावह कर दिए और इसके बाद से कई यात्रियों का पता नहीं चल पाया है।
पिता को भी यात्रा पर चलने का दिया था न्योता
बताया गया कि डॉ. मीना ने अपने पिता करता राम गुप्ता को भी कैलाश मानसरोवर यात्रा में साथ चलने के लिए कहा था। हालांकि उन्होंने यात्रा पर जाने से मना कर दिया था। रक्षाबंधन के अवसर पर बेटी से मिलने की उम्मीद में करता राम दिल्ली भी पहुंचे थे, लेकिन इसी बीच नेपाल में प्राकृतिक आपदा की खबर ने परिवार की चिंता बढ़ा दी।
अंबिकापुर में हुई है डॉ. मीना की पढ़ाई
डॉ. मीना गुप्ता की शुरुआती शिक्षा अंबिकापुर के होलीक्रॉस स्कूल में हुई है। चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने के बाद वह इंग्लैंड चली गईं और वहीं कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि नेपाल में आई इस आपदा के बाद लापता यात्रियों में छत्तीसगढ़ की डॉ. मीना गुप्ता भी शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ की दो अन्य महिलाएं भी लापता
नेपाल में आई इस त्रासदी के बाद छत्तीसगढ़ के अन्य परिवार भी अपनों की सलामती को लेकर चिंतित हैं। रायपुर की मोनिका यादव और बिलासपुर की मंजू राय चौधरी के भी संपर्क में नहीं होने की जानकारी सामने आई है।
रायपुर निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त से नेपाल में थीं। बाढ़ की स्थिति बनने के बाद उनके परिजनों का उनसे संपर्क टूट गया।
वहीं बिलासपुर के राजकिशोर नगर निवासी 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए एक तीर्थयात्रा संस्था के माध्यम से परिचितों के साथ नेपाल गई थीं। संपर्क नहीं होने पर उनके परिवार ने राज्य सरकार से मदद की गुहार लगाई है।
सरकार ने जारी की हेल्पलाइन
नेपाल में फंसे या लापता छत्तीसगढ़ के नागरिकों के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए राज्य सरकार ने लोगों से प्रशासन को सूचना देने की अपील की है। सरकार ने प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया है।
मदद और जानकारी के लिए संपर्क करें:
- टोल फ्री हेल्पलाइन: 1070
- कंट्रोल रूम: 0771-2223471



































