The Duniyadari: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हो गया। कुरूद थाना क्षेत्र के नारी गांव में रेत लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए रास्ता जाम कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने ट्रैक्टर को आग के हवाले करने के साथ चालक की भी बेरहमी से पिटाई कर दी।

हादसे के बाद गांव में तनाव
बताया जा रहा है कि सुबह रेत से भरा ट्रैक्टर नारी गांव से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर की टक्कर एक बच्चे से हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि मासूम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए।

मासूम की मौत से ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई। लोगों ने नारी बस स्टैंड के पास सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।
गुस्साई भीड़ ने ट्रैक्टर में लगाई आग
हादसे के बाद स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर में आग लगा दी। इसके बाद चालक को भी पकड़कर उसकी पिटाई की गई। मारपीट में चालक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर बेसुध अवस्था में पड़ा मिला।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।



































