The Duniyadari: रायगढ़- जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र कापू थाना अंतर्गत ग्राम पारेमेर फिटिंगपारा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपित महिला ने पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए अलग-अलग कहानियां गढ़ीं, लेकिन पुलिस की सख्त और वैज्ञानिक जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।
जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल को बालक अनुज मंझवार के पिता बोधसाय मंझवार (28) ने थाना कापू में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 16 अप्रैल की सुबह वह जंगल में चार तोड़ने गया था।
घर पर उसकी पत्नी सोनमती सरोती मंझवार, साढ़े चार साल की बेटी ढूलबाई और ढाई साल का बेटा अनुज मौजूद थे। दोपहर में लौटने पर घर खाली मिला। शाम को बेटी अकेले घर पहुंची और बताया कि उसकी मां छोटे भाई को लेकर रानीगौवा स्थित नानी घर की ओर जंगल के रास्ते गई है।
इसके बाद बोधसाय ग्रामीणों के साथ रात में ही जंगल की ओर तलाश के लिए निकला, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन महिला अकेले घर लौटी, लेकिन बेटे के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। लगातार दो दिनों तक परिजन और ग्रामीण खोजबीन करते रहे।
18 अप्रैल की रात करीब एक बजे रानीगौवा पहाड़ के पास महुआ पेड़ के नजदीक पत्थर पर खून के निशान दिखाई दिए। आसपास खाई में तलाश करने पर मासूम अनुज का शव मिला। बच्चे के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे गांव में मातम पसर गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कापू पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर महिला को हिरासत में लिया।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। शुरुआत में महिला ने अपहरण जैसी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपित महिला को घटनास्थल ले जाकर घटना में इस्तेमाल पत्थर सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह मायके जा रही थी।
रास्ते में बेटी को घर भेज दिया और बेटे को लेकर पहाड़ी चढ़ाई कर रही थी। थकान के दौरान बच्चे के बैठ जाने पर वह गुस्से में आ गई और पहले उसे जमीन पर पटका, फिर पत्थर से सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपित सोनमती सरोती मंझवार (27) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।















