The Duniyadari : दीपका। दीपका थाना क्षेत्र में सोमवार को एक शराब दुकान के पास बने आहते में एक व्यक्ति की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय कृष्ण कुमार निराला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे एसईसीएल में कार्यरत थे और ऊर्जा नगर कॉलोनी के निवासी थे। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कृष्ण कुमार सुबह के समय शराब खरीदकर आहते में पहुंचे थे, जहां उन्होंने शराब का सेवन किया। कुछ समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे वहीं बेहोश होकर गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उठाने और मदद पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। अचानक हुई इस मौत को लेकर स्थानीय लोगों में कई तरह की चर्चाएं और आशंकाएं बनी हुई हैं।
सूचना मिलने पर दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
































