दुमका। झारखंड के दुमका में अभी छात्रा अंकिता की मौत का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि दुमका के जामा थाना क्षेत्र के श्रीअमडा गांव में एक और इसी तरह का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लव जिहाद में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया, जिससे मामला आत्महत्या का लगे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुमका के जामा थाना क्षेत्र के श्रीअमडा गांव की रहने वाली एक 14 वर्षीय लड़की का शव गांव के ही पास एक पेड़ पर लटकता मिला। ग्रामीणों ने जब शव को देखा तो लड़की के परिजनों को सूचना दी. सूचना पर पहुंचे लड़की के परिजनों ने आनन-फानन में मामले की जानकारी पुलिस को दी। मृतक लड़की अपने एक रिश्तेदार के यहां रहकर मजदूरी करती थी।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
मृतक लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया कि एक युवक ने लड़की को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था, शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। जब वह गर्भवती हो गई तो उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया, जिससे मामला आत्महत्या का लगे।
परिजनों के आरोप पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक के खिलाफ हत्या और रेप का मुकदमा दर्ज हुआ है। हालांकि पुलिस अभी मामले में बोलने से बच रही है. वह चुप्पी साधे हुए है।