The Duniyadari: बलरामपुर/कुसमी। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध नशे की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव के सरनाटोली इलाके में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने करीब पांच एकड़ जमीन पर उगाई जा रही अफीम की फसल का पता लगाया है। कार्रवाई के दौरान खेत में तैयार खड़ी फसल को जब्त कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह खेती गांव से दूर जंगल से सटे सुनसान स्थान पर की गई थी, ताकि किसी की नजर इस पर न पड़े। सूचना मिलने पर मंगलवार को कुसमी एसडीओपी आशीष कुंजाम के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की जांच की। जांच के दौरान खेत में अफीम के बड़ी संख्या में डोडे पाए गए।
टीम ने देखा कि फसल पूरी तरह तैयार थी और कई डोडों में चीरा लगाया गया था, जिससे स्पष्ट है कि वहां से अफीम निकालने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी थी। मौके से सूखे डोडे, खसखस और अफीम निकालने से जुड़े कुछ उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस और राजस्व विभाग ने मौके पर ही फसल को नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध खेती के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क किन इलाकों तक फैला हुआ है।
गौरतलब है कि हाल ही में दुर्ग जिले में भी अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया था। अब बलरामपुर में इतनी बड़ी मात्रा में फसल मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि प्रदेश के दूरस्थ इलाकों का इस्तेमाल नशे की खेती और तस्करी के लिए किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
































