Monday, March 30, 2026
Home Breaking देर रात बवाल: सतलज बार के बाहर पैसों के विवाद में युवकों...

देर रात बवाल: सतलज बार के बाहर पैसों के विवाद में युवकों की पिटाई, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

16

The Duniyadari: रायपुर- राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक बार फिर मारपीट की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए। शहर के व्यस्त इलाके स्काईवॉक के सामने स्थित सतलज बार के बाहर पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि देर रात सतलज बार के बाहर अचानक कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही मिनटों में मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद उग्र हो गया और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। वायरल वीडियो में कुछ युवक पीड़ितों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के दौरान देवेंद्र नगर थाना की पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि टीम ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति का दावा है कि पुलिस को पूरी जानकारी देने के बावजूद टीम ने क्षेत्राधिकार का हवाला देकर कार्रवाई से दूरी बना ली। साथ ही पीड़ितों के नशे में होने की बात कहकर उन्हें मौदहापारा थाने ले जाने की सलाह दी गई। इस रवैये को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

इधर, मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली एसीपी दीपक मिश्रा मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से बातचीत कर शिकायत दर्ज करवाई। पीड़ितों में एक युवक की पहचान अतुल तिवारी के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक ने खुद को पंडरी का निवासी बताया। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि पंडरी क्षेत्र के गोपाल तांडी ने करीब 10 हजार रुपये के विवाद को लेकर अपने साथियों के साथ उन पर हमला किया और घटना के बाद फरार हो गया।

फिलहाल मौदहापारा थाना पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि विवाद के पीछे कोई पुरानी रंजिश या अन्य वजह तो नहीं थी।

घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर बहस तेज हो गई है। लोगों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल कार्रवाई करे, ताकि अपराधियों में कानून का डर बना रहे और आम नागरिकों का भरोसा कायम रह सके।