Tuesday, August 25, 2026
Home कोरबा देवपहरी जलप्रपात में फंसे तीन युवकों को 15 घंटे बाद सुरक्षित निकाला,...

देवपहरी जलप्रपात में फंसे तीन युवकों को 15 घंटे बाद सुरक्षित निकाला, रातभर टापू पर बितानी पड़ी रात

5

The Duniyadari: कोरबा, 25 अगस्त। कोरबा के प्रसिद्ध देवपहरी जलप्रपात में सोमवार शाम अचानक पानी का बहाव तेज होने से नदी के बीच फंसे तीन युवकों को मंगलवार सुबह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। करीब 15 घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सुबह लगभग 8 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर तीनों को सुरक्षित निकाल लिया।

मिली जानकारी के मुताबिक धनेश्वर सारथी, घनश्याम महंत और सूरज सारथी सोमवार शाम देवपहरी जलप्रपात घूमने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीनों जलप्रपात के बीच एक टापूनुमा हिस्से में फोटो खींच रहे थे। इसी दौरान अचानक पानी का प्रवाह बढ़ गया, जिससे वापसी का रास्ता पानी में डूब गया और तीनों युवक वहीं फंस गए।

अंधेरा होने के चलते रात में बचाव अभियान शुरू नहीं किया जा सका। ऐसे में युवकों ने रातभर टापू पर ही सुरक्षित स्थान तलाशकर समय गुजारा। इस दौरान पुलिस प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई और सुबह होने का इंतजार किया गया।

मंगलवार सुबह पानी का स्तर और बहाव कुछ कम होने के बाद पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाते हुए तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद तीनों युवकों ने राहत की सांस ली और पुलिस व बचाव दल का आभार जताया।